बगोदर : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। घटना औंरा स्थित संत पॉल्स हाई स्कूल के पास जीटी रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रक ने पीछे से खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दूसरे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक अंदर ही फंस गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है।


