घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो और बाइक में लगाई आग, बाहर से कुंडी लगाकर परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश

धनबाद के मैथन में अज्ञात उपद्रवियों ने स्कॉर्पियो और बाइक में आग लगाकर परिवार को घर में बंद करने की साजिश रची, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से सभी सुरक्षित बच गए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के मैथन से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अज्ञात उपद्रवियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और परिवार को अंदर ही फंसाने के लिए दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी।
घटना मैथन के आजाद नगर की है, जहाँ शनिवार की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात लोगों ने प्रदीप बाउरी के घर के बाहर खड़ी महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक बाइक में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना ने तब और भयानक रूप ले लिया जब साजिशकर्ताओं ने घर के दोनों तरफ के दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, ताकि परिवार अंदर ही फंस जाए।
गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सदस्यों की नजर खिड़की से बाहर उठ रही आग की ऊंची लपटों पर पड़ गई। इसके बाद उन्होंने घबराकर शोर मचाना शुरू किया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। चीख-पुकार सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाहर से लगे दरवाजे खोले, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, तब तक स्कॉर्पियो और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी रंजीत महतो मौके पर पहुँचे और थाना प्रभारी को फोन कर तत्काल मामले से अवगत कराया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस खतरनाक साजिश की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों की जल्द पहचान करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।