Ranchi News: राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। गनीमत यह रही कि गोली नहीं चली और गवाह की जान बाल-बाल बच गई।
घटना रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली चौक के पास की है, जहाँ रविवार सुबह बहुचर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक को निशाना बनाया गया। पीड़ित के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अपराधी अचानक वहाँ पहुँचे और उन पर पिस्टल तान दी। हमलावरों ने गोली चलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी यानी पिस्टल के मिसफायर होने की वजह से उनकी जान बच गई। इसके बाद अपराधी नामकुम की दिशा में फरार हो गए।
मुनव्वर अफाक ने इस हमले के पीछे जेल में बंद डब्ल्यू कुजूर और राहुल कुजूर के इशारे होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सरकारी गवाह बनने के बाद से ही उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही थीं। आपको बता दें कि साल 2025 में अदालत ने कमल भूषण हत्याकांड में राहुल कुजूर, डब्ल्यू कुजूर और काविस अदनान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
वारदात की सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस ने अपराधियों के भागने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है और उनकी तलाश तेज कर दी है। इसके साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।


