बिल्डरों की मनमानी पर झारेरा का शिकंजा: 173 डेवलपरों को नोटिस जारी, 83 मामलों में लगाया 98.75 लाख का जुर्माना

झारेरा ने QPR अपडेट नहीं करने वाले बिल्डरों पर कार्रवाई तेज की, 173 नोटिस जारी किए, 83 मामलों में 98.75 लाख रुपये जुर्माना लगाया और अनुपालन सख्त किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकरण (झारेरा) ने रियल एस्टेट परियोजनाओं की त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट अपडेट न करने वाले बिल्डरों और डेवलपरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच प्राधिकरण ने कुल 173 मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इसमें से जुलाई में 47 और अगस्त में 126 नोटिस भेजे गए थे। इसके अलावा 31 मामलों में दोबारा सुनवाई तय की गई और तीन महीने के दौरान 83 मामलों में कुल 98.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, अनुपालन पूरा करने और संतोषजनक स्पष्टीकरण देने के बाद तीन मामलों का निपटारा भी कर दिया गया है। झारेरा के अनुसार, QPR के नियमित अपडेट से खरीदारों को प्रोजेक्ट की वास्तविक प्रगति, बुकिंग स्थिति और सरकारी स्वीकृतियों जैसी जरूरी जानकारियां पारदर्शी तरीके से मिलती हैं।

सख्त कार्रवाई का असर यह रहा है कि कई डेवलपरों ने लंबित रिपोर्ट अपडेट करना शुरू कर दिया है और समयसीमा का पालन करने का शपथपत्र दिया है। इसी क्रम में ‘ब्रह्मानंदम आवासम’ परियोजना से जुड़ा मामला भी सामने आया, जिसमें डेवलपर मेसर्स जी. राज एंड कंपनी ने प्रोजेक्ट में हुई देरी को लेकर शपथपत्र देते हुए 31 दिसंबर 2026 या उससे पहले सभी खरीदारों को उनकी बची हुई राशि 1,92,02,788 रुपये लौटाने का वादा किया है। झारेरा के अध्यक्ष और पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि रियल एस्टेट अधिनियम, 2016 की धारा 11(1) के तहत हर पंजीकृत प्रमोटर के लिए पोर्टल पर त्रैमासिक आधार पर प्रोजेक्ट की जानकारी अपडेट करना अनिवार्य है। वर्तमान में 170 मामलों में अगली सुनवाई की तारीखें निर्धारित की गई हैं और नियम उल्लंघन पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।