मध्यप्रदेश: छतरपुर के 200 साल पुराने मंदिर से रामलला की मूर्ति चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

छतरपुर के करीब 200 साल पुराने ब्रह्मदेव मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर भगवान राम की अष्टधातु मूर्ति समेत 15 मूर्तियां और दो सिंहासन चोरी कर लिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

छतरपुर (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में करीब 200 साल पुराने एक प्राचीन मंदिर से सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात भगवान राम की एक अष्ट धातु मूर्ति समेत 15 मुर्तियां चोरी हो गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह मंदिर छतरपुर जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर मातगंवा थाना क्षेत्र में सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है और स्थानीय लोगों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है।

मातागंवा के थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने मीडिया को बताया कि थाने से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शर्मा जब सुबह पूजा करने पहुंचे तो उन्होंने पाया कि मंदिर से भगवान की छोटी-बड़ी 15 मूर्तियां गायब हैं। मंदिर से भगवान के दो सिंहासन भी गायब हैं। पुजारी की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और खोजी कुत्ता दल को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा चोरों की तलाश के लिए पुलिस दल संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई कर रहे हैं। शर्मा ने बताया कि मंदिर लगभग 200 वर्ष पुराना है और रामलला की मूर्ति अष्टधातु की थी। उन्होंने कहा कि चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और रामलला की मूर्ति समेत 15 छोटी-छोटी मूर्तियां भी चुरा ले गए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।