Ranchi: राजधानी रांची के विभिन्न थानों और ओपी में शुक्रवार को जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने थानों में पहुंचकर आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
कार्यक्रम के तहत वरीय पुलिस अधीक्षक रांची कोतवाली थाना पहुंचे, जबकि पुलिस अधीक्षक नगर ने बरियातू थाना, पुलिस अधीक्षक यातायात ने धुर्वा थाना और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने ओरमांझी थाना में लोगों से मुलाकात की। इसके अलावा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना-ओपी प्रभारी भी अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहे।
जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थानों में कुल 103 आवेदन और मामले प्राप्त हुए। इनमें से त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 मामलों का उसी दिन निष्पादन कर दिया गया। सबसे अधिक 9 मामले कोतवाली थाना में प्राप्त हुए। कार्यक्रम के दौरान कुछ संवेदनशील शिकायतें सामने आने पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 6 प्राथमिकी दर्ज की गईं और अनुसंधान शुरू कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों की जांच जारी है।
इस विशेष कार्यक्रम के दौरान रांची पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से कुल 53 गुम हुए मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिन्हें बाद में उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिया गया।


