नीला ड्रम हत्याकांड : आज आ सकता है फैसला, कचहरी में सुरक्षा कड़ी

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को अदालत का फैसला संभावित है। सौरभ हत्याकांड में दोनों आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी और कड़ी सुरक्षा की तैयारी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेरठ: मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को जिला न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में फैसला सुनाए जाने की संभावना है। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी (डीजीसी फौजदारी) केके चौबे ने बताया कि अभियोजन पक्ष की सभी गवाहियां पूरी हो चुकी हैं और आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला अदालत साक्ष्यों और कानून के आधार पर करेगी। मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज ने बुधवार सुबह बताया कि संभावना है कि दोनों आरोपियों की पेशी इस बार भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कराई जाएगी।

अधिकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों के व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि साहिल पिछले करीब चार दिन से खामोश और गुमसुम है तथा किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पिछले तीन दिन से अपना अधिक समय पूजा में बिता रहे हैं।
फैसले को देखते हुए कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक विनायक भोसले ने बताया कि कचहरी परिसर और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

तीन मार्च, 2025 की रात सौरभ की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, मुस्कान ने अपने पति सौरभ को कथित तौर पर मादक पदार्थ देकर बेहोश किया और फिर साहिल की मदद से चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें एक नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दोनों हिमाचल प्रदेश चले गए थे और पुलिस ने उन्हें 18-19 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश था। 19 मार्च को दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किए जाने के दौरान आक्रोशित वकीलों ने साहिल की पिटाई कर दी थी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।