विवाह का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठगे, नहीं आई बारात, दूल्हा और परिवार फरार

रांची में शादी का झांसा देकर युवती के परिवार से करीब 35 लाख रुपये लेने का आरोप है। शादी के दिन बारात नहीं पहुंची, दूल्हा परिवार सहित फरार हो गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के परिवार से करीब 35 लाख रुपये ठगने का गंभीर मामला सामने आया है। शादी तय होने के बाद लड़का पक्ष लगातार खर्च और अन्य मदों में रकम की मांग करता रहा, लेकिन शादी के दिन बारात ही नहीं आई और दूल्हा अपने परिवार सहित फरार हो गया। पीड़ित पिता उमा सिंह भरम टोली शंकर नगर ने बरियातू थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोपी विशाल कुमार, उसके पिता प्रमोद कुमार और मां पुष्पा देवी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, नवंबर 2023 में पीड़िता का रिश्ता तय हुआ था। वर्ष 2024 में लालपुर स्थित एक होटल में सगाई समारोह हुआ, जिसमें होटल बिल समेत करीब 4 लाख रुपये खर्च हुए। इसके तुरंत बाद आरोपी विशाल ने अपने खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रिश्ता तय करते समय दहेज न लेने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में लड़के वालों ने विवाह के खर्च के नाम पर 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी। लड़की के परिजनों ने बेटी के भविष्य को देखते हुए किश्तों और चेक के जरिए किसी तरह 20 लाख रुपये दे दिए।

कुल 50 लाख की मांग, इंकार करने पर दी धमकी आरोपियों का लालच यहीं नहीं रुका। उन्होंने कुल 50 लाख रुपये की मांग करते हुए और 30 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। धमकी और कानूनी अड़चनों के डर से पीड़ित परिवार ने 7 लाख रुपये नकद और दे दिए, यानी अब तक कुल करीब 35 लाख रुपये ऐंठ लिए गए थे।

14 फरवरी 2025 को विवाह की तिथि तय हुई थी। लड़की वालों ने बरियातू रोड स्थित मैरिज हॉल के एडवांस के रूप में 2.50 लाख रुपये दिए और करीब 11.50 लाख रुपये विवाह की तैयारियों, मेहमानों के ठहरने व अन्य सामानों में खर्च कर दिए। इस प्रकार पीड़ित परिवार के कुल 10 लाख रुपये मैरिज हॉल और तैयारियों में भी डूब गए। दिसंबर 2025 में आरोपी अचानक अपना ठिकाना बंद करके फरार हो गए। दबाव बनाने पर आरोपियों ने टुकड़ों में केवल 11.50 लाख रुपये ही लौटाए और बाकी रकम देने से साफ इंकार करते हुए धमकी दी कि जो करना है कर लो, अब एक भी पैसा नहीं देंगे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।