घर के पास मिलेंगी नगर निगम की सेवाएं, पांच नये अंचल कार्यालयों की शुरुआत, जानें क्या कहा महापौर ने

गांधी जयंती पर रांची नगर निगम ने पांच नए अंचल कार्यालय शुरू किए। अब नागरिकों को स्थानीय स्तर पर निगम की सेवाएं और शिकायतों के समाधान की सुविधा मिलेगी।

5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम की सेवाएं अब शहर के आम नागरिकों को उनके घर के आसपास ही सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं। लोगों को छोटी-मोटी समस्याओं, प्रमाणपत्रों और प्रशासनिक कार्यों के लिए अब नगर निगम मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसी उद्देश्य की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार, दो अक्टूबर से शहर के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में नये अंचल कार्यालयों का विधिवत संचालन शुरू किया गया है।

गांधी जयंती के अवसर पर एक महत्वपूर्ण एवं नागरिक-केंद्रित पहल की शुरुआत की गई। रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार द्वारा निगम क्षेत्र में स्थापित किए गए पांच नए अंचल कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन अंचल कार्यालयों की शुरुआत के साथ नगर निगम की सेवाओं को नागरिकों के और करीब लाने तथा प्रशासनिक कार्यों के विकेंद्रीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

रांची नगर निगम की स्थापना के 47 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। स्थापना के बाद से अब तक निगम मुख्यालय के अतिरिक्त केवल डोरंडा अंचल कार्यालय के माध्यम से निगम स्तर की सेवाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। रांची शहर की बढ़ती आबादी, निरंतर विस्तारित हो रहे नगर निगम क्षेत्र तथा नागरिकों की बढ़ती सेवा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा पहली बार पांच नए अंचल कार्यालयों की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि सम्मानित नागरिकों को सामान्य नगर निगम सेवाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से निगम मुख्यालय तक लंबी दूरी तय न करनी पड़े और उनके नजदीकी क्षेत्र में ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इन क्षेत्रों में शुरू हुए नए अंचल कार्यालय

1. वार्ड संख्या 21 स्थित सामुदायिक भवन, बड़ा तालाब
2. वार्ड संख्या 32 स्थित पंचायत कार्यालय, पंडरा
3. वार्ड संख्या 06 स्थित सामुदायिक भवन, बांधगाड़ी
4. वार्ड संख्या 40 स्थित सामुदायिक भवन, सेक्टर-3 बाजार, एचईसी, धुर्वा
5. वार्ड संख्या 53, तुपुदाना

इन अंचल कार्यालयों के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम की विभिन्न सेवाएं एवं सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, संबंधित अंचल के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई, पथ प्रकाश, जलापूर्ति एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

महापौर ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर इन अंचल कार्यालयों की शुरुआत करना रांची नगर निगम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मूल उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए आवश्यक है कि निगम की सेवाएं नागरिकों के जितना संभव हो सके उतना करीब पहुंचें। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालयों के माध्यम से नागरिकों के समय की बचत होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही नगर निगम से संबंधित सेवाएं मिल सकेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए कार्य करने की अपील की।

उप महापौर ने कहा कि नए अंचल कार्यालय खुलने से इतिहास रचने का कार्य किया गया है। रांची नगर निगम क्षेत्र का लगातार विस्तार हुआ है। शहर की जनसंख्या एवं नागरिकों की आवश्यकताओं में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में नगर निगम की सेवाओं का विकेंद्रीकरण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नए अंचल कार्यालयों के माध्यम से निगम और नागरिकों के बीच की दूरी कम होगी तथा स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी एवं त्वरित तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय केवल कार्यालय नहीं, बल्कि नागरिकों के लिए स्थानीय सेवा केंद्र के रूप में कार्य करें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि अंचल कार्यालयों की शुरुआत का प्रमुख उद्देश्य नगर निगम की सेवाओं को विकेंद्रीकृत कर नागरिकों के द्वार के और करीब पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं एवं शिकायतों के लिए निगम मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के फीडबैक के आधार पर अंचल कार्यालयो में सुधार के साथ और भी अंचल कार्यालय खोलने पर विचार किया जाएगा।

मौके पर वार्ड पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक सहित रांची नगर निगम के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।