गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें साहस एवं समर्पण का प्रतीक बताया। शर्मा ने कहा कि कोविंद ने तमाम विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए एक सफल वकील, सांसद और अंततः देश के राष्ट्रपति का पद हासिल किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत के पूर्व राष्ट्रपति आदरणीय रामनाथ कोविंद जी के जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं।” शर्मा ने कहा, “साहस और समर्पण के प्रतीक कोविंद ने तमाम विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए एक सफल वकील, सांसद और अंततः देश के प्रथम नागरिक बनने का गौरव हासिल किया।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण अवसरों पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति से लोगों को प्रेरित किया। शर्मा ने कहा, “मुझे अब भी याद है कि महान अहोम शासक लाचित बारफूकन की 400वीं जयंती के समारोह की अध्यक्षता करते समय उन्होंने बारफूकन के जीवन और विरासत में गहरी रुचि दिखाई थी।” शर्मा ने कहा, “मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें मां भारती की सेवा के लिए दीर्घायु प्रदान करें।”


