झारखंड में रबी फसलों के फसल बीमा की प्रक्रिया आज से शुरू, 31 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

झारखंड में रबी 2026-27 फसलों का बीमा शुरू, किसान 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे; गेहूं, चना, राई-सरसों और आलू पर मिलेगा बीमा कवच

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य में किसानों की रबी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं और संभावित जोखिमों से वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘बिरसा-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ (बी-पीएमएफबीवाई) के तहत रबी 2026-27 के लिए फसल बीमा की शुरुआत एक अक्टूबर से हो रही है। किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए 31 दिसंबर तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। सहकारिता समितियों के निबंधक शशि रंजन ने इस संबंध में सभी जिला सहकारिता अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

रबी मौसम 2026-27 के लिए राज्य सरकार द्वारा मुख्य रूप से चार फसलों गेहूं, चना, राई-सरसों और आलू को बीमा योजना के तहत अधिसूचित किया गया है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों को जागरूक करने के लिए लैम्प्स-पैक्स, बैंक शाखाओं, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), एटीएम, बीटीएम, एफपीओ, किसान संगठनों तथा उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं का सहयोग लिया जाएगा। इन माध्यमों से किसानों को बीमा के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ-साथ पंजीकरण में सहायता दी जाएगी।

प्रशासन का विशेष ध्यान गैर-ऋणी किसानों को योजना से जोड़ने पर है। इसके लिए जिलों को गैर-ऋणी किसानों के बीमा आच्छादन में कम से कम 10 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि का लक्ष्य दिया गया है। अधिक से अधिक पात्र किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से पंचायत और गांव स्तर पर सघन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

Share This Article