जिला प्रशासन दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट, उपायुक्त और एसएसपी ने पूजा पंडालों का लिया जायजा

रांची में दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त और एसएसपी ने प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन में आ गया है। शुक्रवार 2 अक्टूबर को रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा तैयारियों, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया।

टीम ने शहर के आर.आर. स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओ.सी.सी. क्लब, जिला स्कूल रामलला, चंद्रशेखर क्लब कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक जैसे बड़े पूजा पंडालों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पंडाल की मजबूती, प्रवेश-निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का स्तर देखा गया।

उपायुक्त ने पूजा समितियों को सख्त हिदायत दी कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडालों में अग्निशमन (फायर फाइटिंग) यंत्रों की समुचित व्यवस्था हो और आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खाली रखा जाए।

भीड़ नियंत्रण के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार बनाए जाएं। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम हों तथा प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स की तैनाती की जाए।बिजली के खुले और असुरक्षित तारों को तुरंत दुरुस्त किया जाए और परिसर में ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर रोक रहे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें और पूजा समिति के पदाधिकारी पुलिस व ट्रैफिक प्रशासन के साथ लगातार समन्वय में रहें।

इस निरीक्षण अभियान में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, नगर एसपी पारस राणा, सदर एसडीएम कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, डीपीआरओ उर्वशी पांडेय सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article