कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम से घर लौटने पर बोस ने बेचैनी महसूस होने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें शुक्रवार रात पूर्वी कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि बोस की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बोस ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उन्होंने दिन में कई अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
घर लौटने के बाद बोस ने अचानक बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बोस की कई चिकित्सकीय जांच की गईं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।


