धनबाद : शनिवार की देर रात बरवाअड्डा स्थित सब्जी मंडी में अचानक आग लगने से करीब दर्जनभर दुकानें जलकर राख हो गईं। यह घटना मंदाकिनी उच्च विद्यालय के पास हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मंडी में बनी दुकानदारों की कई झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं।

बताया गया कि शनिवार रात सभी विक्रेता अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान मंडी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। दुकानों में रखा सामान और अन्य संपत्ति भी जलकर नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दुकानदारों ने आग के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।


