रांची: सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों के लिए राहत की खबर है। रांची जिले में सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर राज्य संपोषित सर्वजन पेंशन योजना के तहत पहले चरण में जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से पेंशन की राशि ट्रांसफर की गई है।

18.66 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान
मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर) के लाभुकों को सितंबर महीने की पेंशन राशि दी गई है। इन सभी लाभुकों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है।
सितंबर में किस योजना के कितने लाभुक?
मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना:1,85,894 लाभुक
मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना: 318 लाभुक
मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना: 454 लाभुक
मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर): 3 लाभुक
पेंशन नहीं मिली तो कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वजन पेंशन योजना का लाभ लगातार पाने के लिए लाभुकों के बैंक खाते से आधार सीडिंग अनिवार्य है। रांची जिले में वृद्ध, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित और ट्रांसजेंडर लाभुकों को सितंबर महीने की पेंशन राशि बैंक खातों में भेज दी गई है। जिन लाभुकों के खाते में अभी तक पेंशन की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग करानी होगी। इसके बाद ही उन्हें योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा।


