गढ़वा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ रंका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधायक का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गासेदाग निवासी श्रवण सिंह खरवार ने थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में श्रवण सिंह खरवार ने आरोप लगाया है कि विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां की तबीयत खराब रहने के दौरान उनके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि कथित टिप्पणी से उन्हें ठेस पहुंची है। रंका थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि श्रवण सिंह खरवार के लिखित आवेदन के आधार पर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।



