नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क के बंद रहने के कारण ग्रामीणों को 80 वर्षीय एक महिला के शव को गांव तक पहुंचाने के लिए लगभग छह किलोमीटर तक अपने कंधों पर ले जाना पड़ा। नाहन उपमंडल के धारटीधार क्षेत्र की घगेड़ा पंचायत के टीना गुलरवाला गांव की निवासी परमा देवी की रविवार को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शव को चंडीगढ़ से वाहन में धारटीधार और रामा घगेड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क तक लाया गया। हालांकि, टीना गुलरवाला जाने वाली आगे की सड़क बंद होने के कारण ग्रामीणों ने शव को एक डंडे से बांधा और गांव तक पहुंचने के लिए ऊबड़-खाबड़ और पथरीले रास्ते से होते हुए लगभग छह किलोमीटर तक अपने कंधों पर उठाकर ले गए। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के श्मशान ले जाया गया।

ग्रामीणों ने मंगलवार को को बताया कि मानसून की शुरुआत से ही सड़क क्षतिग्रस्त है और बंद है। इस साल हिमाचल प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी और तीन अक्टूबर को वापस हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग आठ किलोमीटर लंबी टीना गुलरवाला सड़क का निर्माण 2014 में किया गया था और इसका उद्घाटन नाहन के तत्कालीन विधायक राजीव बिंदल ने किया था। क्षेत्र के पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क बंद होने का खामियाजा न केवल आपात स्थिति में बल्कि रोजमर्रा में भी भुगतना पड़ रहा है।
ठाकुर ने कहा कि सड़क बंद होने से किसानों, छात्रों और अन्य ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सड़क फिलहाल पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्होंने कहा, ‘‘हर साल लोक निर्माण विभाग सड़क की मरम्मत कर उसे आवाजाही के लिए खोल देता है, लेकिन इस बार सड़क बंद ही पड़ी है।’’ ग्रामीणों रोहित, अनिल, रामेंद्र, सुरेंद्र और पिंकू सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आजादी के बाद 2014 में पहली बार सड़क बनी और क्षेत्र के लोगों को सड़क संपर्क और परिवहन की सुविधा मिली।
हालांकि, मानसून के दौरान सड़क बंद होने के कारण निवासियों को बाजारों, अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है। स्थानीय पंचायत प्रधान नरेंद्र ने स्वीकार किया कि मानसून के कारण हुई क्षति की वजह से सड़क बंद है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को पहले ही सूचित कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क जल्द ही बहाल कर दी जाएगी।


