तिरुवनंतपुरम : तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार को वाहनों के पार्किंग शुल्क और उपयोगकर्ता शुल्क में कथित भारी बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने हवाईअड्डे के प्रवेश द्वार पर लगाए गए पुलिस बैरिकेड को पार कर परिसर में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ। टेलीविजन दृश्यों में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता टोल गेट का अवरोधक तोड़ते और निर्धारित शुल्क का भुगतान किए बिना वाहनों को गुजरने देते दिखाई दिए। टोल गेट पर युवा कांग्रेस का झंडा भी लगाया गया।

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का प्रबंधन टीआरवी (केरल) इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (टीआईएएल) करता है, जो अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के तहत गठित एक विशेष प्रयोजन कंपनी है। एएएचएल, अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज की अनुषंगी कंपनी है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नेमोम शजीर ने शुल्क बढ़ोतरी को ‘‘दिनदहाड़े लूट’’ करार दिया और कहा कि इससे गरीब यात्रियों के साथ-साथ ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी हवाईअड्डे के कर्मचारियों से भी पार्किंग शुल्क वसूल रही है। शजीर ने चेतावनी दी, ‘‘अगर बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन जारी रहेगा।’’


