रांची: शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने महात्मा गांधी (एमजी) रोड स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मंदिर परिसर में गैर-धार्मिक व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन पर रोक लगाते हुए कुल 12 दुकानों को बंद करा दिया है।

दरअसल, कुछ समय पूर्व अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों और समाजसेवियों के साथ एक बैठक हुई थी। इस बैठक में मंदिर परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों को बंद करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब दुकानें खुली रहीं, तो नगर निगम की टीम ने मंगलवार को परिसर में लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराया और नियमपूर्वक दुकानों का संचालन बंद कराया।
इसके साथ ही, निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने हनुमान मंदिर के आसपास, डेली मार्केट, एस.एन. गांगुली मार्ग, विष्णु गली और उससे जुड़ने वाली सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया। सार्वजनिक रास्तों को जाममुक्त करने के लिए चलाए गए इस अभियान के दौरान 5 ठेले और दो गुमटियां जब्त की गईं।
मंदिर के ठीक सामने वाहनों के बेतरतीब पार्क होने से लगने वाले ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए भी कड़े कदम उठाए गए हैं। मंदिर के सामने वाहन खड़ा करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बाजार शाखा ने डेली मार्केट के पास स्थित टैक्सी स्टैंड में मंदिर आने वाले भक्तों के वाहनों के लिए मुफ्त पार्किंग’ की व्यवस्था की है, जिसके लिए सीमांकन (डीमार्केशन) भी कर दिया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों में बाधा डालना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर के यातायात को सुगम बनाना है। निगम ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक रास्तों को निर्बाध रखने और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।


