रांची: बीआईटी मेसरा परिसर में वॉलीबॉल खेलने के दौरान एक छात्र को बिजली का तेज झटका (करंट) लग गया, जिससे कैंपस में छात्रों का गुस्सा भड़क उठा। घटना मंगलवार देर शाम की है, जब ईसीई प्रथम वर्ष का छात्र निशांत खेल रहा था। करंट लगने के तुरंत बाद उसे बीआईटी मेसरा की डिस्पेंसरी ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद हॉस्टल भेजा गया, लेकिन बेचैनी बढ़ने पर उसे मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार छात्र की सभी जांचें सामान्य पाई गई हैं और वह फिलहाल खतरे से बाहर आईसीयू में डॉक्टरों की देखरेख में है।
छात्र के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर फैलते ही देर रात करीब 600 विद्यार्थी गोलबंद होकर बीआईटी मेसरा स्थित कुलपति इंद्रनील मन्ना के आवास के समक्ष पहुंच गए और उनका घेराव कर जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित छात्रों ने प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि परिसर में विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों की जान जोखिम में पड़ रही है। छात्रों ने हॉस्टल के गीजरों में भी करंट उतरने की शिकायत की है और कैंपस की संपूर्ण विद्युत व सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।



