रांची: झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय 9 अक्टूबर को जमशेदपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर क्षेत्र में कार्यरत विद्युतकर्मियों और डेली वेजेज कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। संघ के इस दौरे का मुख्य मकसद विद्युत विभाग के दैनिक कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में हो रही देरी, उनकी सेवा संबंधी समस्याओं और कार्यस्थल पर मिलने वाली सुरक्षा व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों का त्वरित व स्थायी समाधान निकालना है।

अपनी प्रस्तावित यात्रा को लेकर केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राज्य में बिजली व्यवस्था को सुचारु और बाधारहित बनाए रखने में डेली वेज और अन्य विद्युतकर्मियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। ये कर्मी हर मौसम और विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर लगातार अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार होना और उनकी लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है और किसी भी स्थिति में किसी कर्मी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।


