वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नयी व्हाइट हाउस प्रेस सचिव केटी जकारिया मंगलवार को पहली बार संवाददाताओं के सामने आईं। उन्होंने कुछ सवालों के जवाब दिए, लेकिन अचानक बातचीत समाप्त कर दी। जकारिया इससे पहले ट्रंप की सोशल मीडिया कंपनी में काम कर चुकी हैं। उन्हें शुक्रवार को व्हाइट हाउस का प्रेस सचिव नियुक्त किया गया था। उन्होंने कैरोलिन लेविट की जगह ली है, जिन्होंने अगस्त में यह पद छोड़ दिया था और अब फॉक्स न्यूज चैनल में काम करने जा रही हैं।

जकारिया ने संवाददाताओं से कहा कि उनका लक्ष्य ट्रंप के कामों को लोगों तक पहुंचाना है और राष्ट्रपति खुद अपने सबसे अच्छे प्रवक्ता हैं। मंगलवार को वह केवल 14 मिनट तक संवाददाताओं के सामने रहीं और महज तीन मीडिया संस्थानों के सवालों के जवाब दिए। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में जाकर राष्ट्रपति से सवाल पूछ सकते हैं जहां से वह चुनाव प्रचार पर रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं।
जकारिया ने कहा, “दरअसल, मैं इसे यहीं समाप्त करने जा रही हूं, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप हमारे ऐतिहासिक अलास्का दौरे के लिए मरीन वन की ओर जा रहे हैं। हम वहां उनसे सभी सवाल पूछ सकते हैं।” व्हाइट हाउस से रवाना होते समय ट्रंप ने संवाददाताओं से जकारिया के प्रदर्शन की प्रशंसा की। पेपर्डाइन विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल कर चुकीं जकारिया को नियुक्त करते समय ट्रंप ने उन्हें “शुरुआत से ही एक वफादार और प्रतिभाशाली समर्थक” बताया था।
जकारिया ने संवाददाताओं से कहा कि वह प्रेस सचिव की अपनी भूमिका को सरकार से बाहर रहते हुए ट्रंप के समर्थन में किए जाने वाले अपने काम से अलग नहीं मानतीं। उन्होंने कहा, “मुझे वही काम करने का मौका मिला है, जो मैं पहले बाहर रहकर कर रही थी। मैं राष्ट्रपति ट्रंप के शानदार एजेंडे को अधिक लोगों तक पहुंचाना, उसका विस्तार करना और उसे व्यापक बनाना चाहती थी।” उन्होंने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा, “मैं लंबे समय से उनके लिए काम करना चाहती थी।”


