चेन्नई: ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने शनिवार को पार्टी के 55वें स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी संस्थापक एम. जी. रामचंद्रन और दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्थापना दिवस का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सुबह के समय यहां रॉयपेट्टा स्थित पार्टी मुख्यालय ‘पुरात्चि थलाइवा एमजीआर मालिगई’ पहुंचे।

पलानीस्वामी ने अन्नाद्रमुक का झंडा फहराने के बाद पार्टी सदस्यों के बीच मिठाइयां बांटीं। पार्टी मुख्यालय में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
हालांकि, असंतुष्ट वरिष्ठ नेता एस. पी. वेलुमणि, सी. वी. षणमुगम और अन्य नेताओं के समारोह में शामिल नहीं होने से राजनीतिक हलचल बनी रही। ये नेता जश्न में पलानीस्वामी के साथ शामिल होने के लिए पार्टी मुख्यालय नहीं पहुंचे। वहीं, वरिष्ठ नेताओं के. पी. मुनुसामी, सी. पोन्नैयन, एम. थंबीदुरई और वालारमथी ने पलानीस्वामी के साथ एमजीआर व जयललिता की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।


