नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है और इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) विवाद को लेकर संयुक्त कार्ययोजना को 30 सितंबर को अंतिम रूप दिया था। इसमें रैलियां और ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ आयोजित करना शामिल था।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि सभी दल इस बात पर सहमत हैं कि चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों से कराए जाने चाहिए। उन्होंने घोषणा की थी कि कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली में एक रैली आयोजित करेगी।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) रोहित राजबीर सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की योजना बनाई है और इसके लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने के वास्ते दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था। निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर रैली आयोजित करने के वास्ते 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक की अवधि तक के लिए एनओसी जारी कर दिया गया है।’’
पुलिस ने बताया कि प्रस्तावित रैली के दौरान कानून-व्यवस्था के उचित इंतजाम, यातायात का प्रभावी प्रबंधन और कार्यक्रम का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस आयोजकों, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है।


