फ्रांस में फिर से विरोध-प्रदर्शन भड़कने को मद्देनजर पेरिस में संग्रहालय बंद, भारी पुलिस बल तैनात

फ्रांस में विरोध-प्रदर्शन फिर भड़कने की आशंका के बीच पेरिस के प्रमुख संग्रहालय बंद कर दिए गए हैं। हिंसा रोकने के लिए 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पेरिस : फ्रांस में फिर से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने शनिवार को व्यापक पुलिस बल तैनात किया है और पेरिस के प्रमुख संग्रहालयों को बंद कर दिया गया है। सरकार की कोशिश है कि पिछले सप्ताह हुई हिंसा की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। पिछले हफ्ते दुकानों में लूटपाट, गाड़ियों में आगजनी और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर हमलों के बाद ऐसा लग रहा था कि सरकार का नियंत्रण समाप्त हो गया है। नकाबपोश उपद्रवियों ने पेरिस सहित कई अन्य शहरों के मुख्य व्यावसायिक क्षेत्रों को निशाना बनाया था।

गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि देशभर में करीब 70,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन और पानी की बौछार करने वाली गाड़ियां भी तैनात की गई हैं। पिछले सप्ताह पांच लाख से अधिक लोग सड़कों पर उतर आए थे, जिसे देखते हुए इस बार भी भारी भीड़ जुटने की आशंका है। ‘लूर्व’, ‘ओरसे संग्रहालय’, ‘पिकासो संग्रहालय’ और ‘ग्रैंड पैलैस’ जैसे पेरिस के प्रमुख संग्रहालयों को शनिवार को बंद रखा गया।

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित समकालीन कला मेलों में से एक ‘आर्ट बेसेल’ शुक्रवार को जनता के लिए खोला गया था, लेकिन उपद्रव की आशंका को देखते हुए आयोजकों ने सप्ताहांत के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। पिछले सप्ताहांत के प्रमुख विरोध स्थलों में से एक, पेरिस के ‘प्लेस डी ला रिपब्लिक’ के पास एक बैंक शाखा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को उपद्रवियों से बचाने के लिए लकड़ी के बड़े टुकड़ों से ढक दिया गया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।