धनबाद : कोयलांचल की आर्थिक राजधानी धनबाद में आने वाले वर्षों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी है। धनबाद रेलवे स्टेशन के दोनों छोर पर करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड वाहन टर्मिनल बनाने की योजना प्रस्तावित है। यहां बस, कार, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी।धनबाद स्टेशन से हर दिन करीब 25 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देना और स्टेशन के आसपास जाम की समस्या कम करना है। योजना को अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार करने की बात कही गई है।

शहर में सड़क विकास की तस्वीर भी बदली है। बैंक मोड़ क्षेत्र में धनबाद-झरिया और धनबाद-कतरास सड़कें फोरलेन हो चुकी हैं। वहीं, राज्य की पहली आठ लेन सड़क भी धनबाद में है।इसके अलावा रांगाटांड़ अंडरपास, मटकुरिया फ्लाईओवर और गोविंदपुर-निरसा एलिवेटेड ब्रिज जैसी परियोजनाओं से यातायात को बेहतर बनाने की उम्मीद है। इन योजनाओं के पूरा होने पर धनबाद में आवागमन आसान होने और शहर के विकास को नई रफ्तार मिलने की संभावना है। हालांकि, 500 करोड़ के टर्मिनल की योजना अभी प्रस्तावित है।


