राजधानी में बेखौफ अपराधियों का तांडव, दिनदहाड़े राजस्व कर्मचारी की घर में घुसकर हत्या

रांची के नामकुम में राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मुंडा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में जुटी है, जबकि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया है। नामकुम थाना क्षेत्र के तेतरी स्थित बाधवा स्कूल के पीछे रहने वाले अरगोड़ा अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मुंडा की उनके ही घर में घुसकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, बेखौफ अपराधी लक्ष्मी नारायण मुंडा के आवास में दाखिल हुए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा एवं नामकुम के अंचल अधिकारी के साथ-साथ पुलिस के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराधियों ने इस वारदात को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया, हमलावरों की संख्या कितनी थी और वे हत्या करने के बाद किस दिशा में भागे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और घटनास्थल की जांच पूरी होने के बाद ही शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।