धनबाद में एटीएम कार्ड के जरिए ठगी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं। आरोप है कि ये एटीएम में कार्ड फंसने का फायदा उठाकर लोगों का पिन नंबर देखते थे और फिर मदद के बहाने कार्ड लेकर फरार हो जाते थे।
मामला धनबाद के सिटी सेंटर के पास स्थित एटीएम का है। जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर की शाम एक व्यक्ति बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा था। इसी दौरान उसका कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उसे दोबारा पिन डालने को कहा और उसका गुप्त पिन नंबर देख लिया।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की सलाह दी। पीड़ित जब पेट्रोल पंप की ओर गया, तो आरोपी उसका एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया।
कुछ देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स में 32 हजार 800 रुपये और बाटा दुकान में 2 हजार रुपये की खरीदारी के मैसेज भी मिले।
इसके बाद पीड़ित अपने परिचितों के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के लखमोहना निवासी नितीश कुमार और नवादा न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की हैं।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बिहार और झारखंड के अलग-अलग शहरों में इसी तरीके से ठगी करने की बात स्वीकार की है। वहीं, गिरफ्तार नितीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाने में वर्ष 2023 में भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।


