रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में जेबा परवीन की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतका के पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और उसकी साली नेहा परवीन को गिरफ्तार किया गया है।
क्या साली से नजदीकियां बनी पत्नी की मौत की वजह? पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी पति ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसकी साली नेहा परवीन के साथ उसके अवैध संबंध थे। 17 अक्टूबर को जब जेबा परवीन को इसकी जानकारी मिली, तो घर में तीनों के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने जेबा का सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कैसे खुला मौत का राज?
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रांची से पहुंची FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। मृतका के भाई मोहम्मद इमरान के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
एसडीपीओ आलोक रंजन के मुताबिक, एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद मुख्य आरोपी गुलाम सरवर उर्फ राजन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले में नेहा परवीन को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।


