पटना : राजगीर जू सफारी में न्यूजीलैंड की पुरुष एवं महिला रग्बी टीमों तथा भारतीय पुरुष एवं महिला रग्बी टीमों के आगमन से परिसर में बुधवार को उत्साह और उमंग का माहौल दिखा। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के इन खिलाड़ियों ने जू सफारी का भ्रमण कर वन्यजीवों, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता के अनूठे अनुभव का आनंद लिया।


इस अवसर पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्व से अवगत कराया गया। खिलाड़ियों ने जू सफारी के प्राकृतिक परिवेश को करीब से देखा और प्रकृति एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश प्राप्त किया।
यह भ्रमण खेल, प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के बीच एक सुंदर समन्वय का प्रतीक रहा। जू सफारी, राजगीर में इन प्रतिष्ठित रग्बी टीमों का आगमन बिहार के पर्यटन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।


