बेंज कार हादसा: उच्च न्यायालय ने केरलम पुलिस से न्यायाधीश को गिरफ्तार नहीं करने को कहा

बेंज कार हादसा मामला: केरल हाईकोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि स्कूटर चालक की मौत के सिलसिले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को गिरफ्तार न किया जाए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोच्चि: केरल उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह चेरानल्लूर में एक कार दुर्घटना में एक स्कूटर चालक की मौत के सिलसिले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को गिरफ्तार न करे।

इस हादसे में न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे की कार की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौत हो गई थी।

न्यायमूर्ति कौसर एडप्पागाथ ने संबंधित न्यायाधीश की अग्रिम जमानत अर्जी पर उनके वकील एवं केरल सरकार के वकील की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया।

उच्च न्यायालय ने न्यायाधीश को जांच में सहयोग करने का निर्देश भी दिया।

हादसे में जिस व्यक्ति की जान गयी उसके परिवार ने मामले में पक्षकार बनने के लिए एक याचिका दायर की है, जिस पर अदालत बाद में विचार करेगी।

यह मामला रविवार तड़के हुए एक हादसे से जुड़ा है, जब चेरानल्लूर के साउथ चित्तूर निवासी जयबालकृष्णन (55) को मारापरम्बु के पास कंटेनर रोड पर एक तेज रफ्तार मर्सिडीज़-बेंज कार ने टक्कर मार दी। यह कार एक न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत थी।

पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे ढाबा चलाने वाला जयबालकृष्णन अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया और रविवार शाम को नाबालिग को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया।

इस कदम के बाद चेरानल्लूर थाने के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। जयबालकृष्णन के बेटे और बेटी ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रदर्शन करते हुए मांग की कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उसे किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाए।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। शुरुआती जांच के बाद, पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 लगाई, जो ‘गैर-इरादतन हत्या’ से संबंधित है।

लेकिन बाद में किशोर न्याय बोर्ड ने नाबालिग को जमानत दे दी। पुलिस ने इस मामले में उसके पिता को आरोपी बनाया।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को न्यायाधीश से पूछताछ की गई तथ बृहस्पतिवार दोपहर को उनसे और पूछताछ की जानी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।