पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन दर्शाता है कि दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय हित के प्रति प्रतिबद्धता से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। सैनी यहां ‘पंचकूला रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

पटेल को भारत की एकता का शिल्पकार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, प्रशासनिक सूझबूझ और दृढ़ संकल्प के बल पर स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में शामिल करने में निर्णायक भूमिका निभाई। सैनी ने कहा, ‘‘उन्होंने न केवल रियासतों का विलय किया, बल्कि बिखरे हुए भारत को एक एकीकृत राष्ट्रीय पहचान भी दी।’’

उन्होंने कहा कि पटेल ने देश की एकता और अखंडता की नींव रखी और इस बात पर जोर दिया कि किसी राष्ट्र की ताकत उसके नागरिकों के विश्वास और एकता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता हमारी कमजोरी नहीं, बल्कि सबसे बड़ी ताकत है। सैनी ने कहा, ‘‘एक-दूसरे की संस्कृतियों का सम्मान करके और एक-दूसरे के सुख-दुख में भागीदार बनकर हम सरदार पटेल की विरासत को वास्तव में अपने आचरण में उतार सकते हैं।’’


