चाईबासा में स्कूटी चोरी का खुलासा! पुलिस ने दो युवकों को दबोचा, झाड़ी से बरामद हुई चोरी की गाड़ी

पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में स्कूटी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया। दो युवकों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की टीवीएस स्कूटी झाड़ी से बरामद की गई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में स्कूटी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई टीवीएस स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

श्याम भंडार के पास से चोरी हुई थी स्कूटी

मामला सदर थाना क्षेत्र का है। चाईबासा के एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी विकास कुमार शर्मा ने 30 अक्टूबर को सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उन्होंने अपनी टीवीएस स्कूटी (नंबर JH-06U-0799) को श्याम भंडार, टुंगरी के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली।

काफी खोजबीन के बाद भी स्कूटी का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने सदर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश गोप उर्फ मोटू (20 वर्ष), निवासी अंगरडीहा, थाना मंझारी, वर्तमान पता खप्परसाई और विवेक तियू (21 वर्ष), निवासी खप्परसाई, थाना मुफस्सिल के रूप में हुई है। दोनों पश्चिमी सिंहभूम जिले के रहने वाले हैं।

ओड़िया स्कूल के पीछे झाड़ी से मिली स्कूटी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्कूटी चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर ओड़िया स्कूल के पीछे झाड़ी से चोरी की गई टीवीएस स्कूटी बरामद की गई। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।

यश गोप का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी यश गोप उर्फ मोटू का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। एक दिसंबर 2025 को चाईबासा के एक होटल के सामने से एक ही रात में तीन वाहनों की चोरी के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ मुफस्सिल और सदर थाना में पहले से भी मामले दर्ज हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।