राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन! हथियार सप्लायर जियाउल हबीब गिरफ्तार, अब तक 6 अपराधी दबोचे गए

रांची में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। कथित हथियार सप्लायर जियाउल हबीब गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने चार पिस्तौल और आठ गोलियां बरामद कीं।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Ranchi News: राजधानी रांची में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुठभेड़ में एक अपराधी के घायल होने समेत पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने गैंग के कथित हथियार सप्लायर जियाउल हबीब को भी गिरफ्तार कर लिया है। डोरंडा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे पकड़ा गया। पुलिस अब गैंग के हथियार सप्लाई नेटवर्क और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

चार पिस्तौल, आठ गोलियां और कार-मोटरसाइकिल बरामद

रांची सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, इस कार्रवाई में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य कुमार, मोहित पासवान, ऋषभ कुमार, सौरभ कुमार और जियाउल हबीब शामिल हैं। जियाउल हबीब पर राहुल दुबे गैंग को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार पिस्तौल, आठ राउंड जिंदा गोलियां, पांच मैगजीन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह को हथियार कहां से मिलते थे और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

रिंग रोड पर कार में घूम रहे थे अपराधी

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने कांके रिंग रोड क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्तौल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों के गिरोह से जुड़े होने और विभिन्न इलाकों में फायरिंग की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, आरोपी घायल

चार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए सीठियो इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। उसके पास से भी एक पिस्तौल, गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

जियाउल हबीब समेत कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जियाउल हबीब के खिलाफ चुटिया और डोरंडा थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। वहीं, गुड्डू मिश्रा के खिलाफ मांडर, सदर और रामगढ़ में चोरी समेत अन्य आरोपों से जुड़े मामले दर्ज हैं। आदित्य कुमार राम, ऋषभ कुमार और सौरभ कुमार का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 285/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि राहुल दुबे गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।