गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का मामला: आरोपी वायरलेस ऑपरेटर गिरफ्तार, थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप में वायरलेस ऑपरेटर गिरफ्तार, एसआईटी गठित, थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित, मामले की जांच जारी है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गम्हरिया थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। वहीं, पूरे प्रकरण में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पति से विवाद के बाद मदद मांगने पहुंची थी थाना

पुलिस को दिए लिखित आवेदन के अनुसार, पीड़िता का 29 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अपने पति से विवाद हुआ था। उसे आशंका थी कि रात में पति उसके साथ मारपीट कर सकता हैं। इसी डर से वह घर से निकलकर पड़ोस के एक घर पहुंची और वहां मौजूद महिला से थाना में फोन करने का अनुरोध किया।

इसके बाद गम्हरिया पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा और महिला को लेकर रात करीब 12 बजे थाना पहुंचा। आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने उसे बगल के कमरे में आराम करने के लिए कहा। महिला उसी कमरे में आराम कर रही थी, तभी थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत पर प्राथमिकी, आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता के आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना (कांड संख्या 86/26) में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कमरे से उसके द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए रांची स्थित एफएसएल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

एसडीपीओ सरायकेला की जांच रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, शिथिलता, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इनमें गम्हरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय प्रसाद, एसआई अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, आरक्षी संतोष राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा शामिल हैं। सभी को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र सरायकेला में वापस किया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।