पलामू : जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने ऑटो चालक समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी पलामू जिले के भदुमा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपनी मौसी के घर जाने के लिए मोहम्मदगंज से एक ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य युवक भी मौजूद थे। नाबालिग अपनी मौसी के गांव पहुंची, जहां उसका कथित प्रेमी भी रहता था। बताया जाता है कि नाबालिग को तीन युवकों के साथ देखकर वह वहां से चला गया।

इसके बाद नाबालिग उसी ऑटो से वापस मोहम्मदगंज लौटने लगी। आरोप है कि रास्ते में बराज के पास ऑटो में सवार तीनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यह घटना 29 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है।
इधर, कथित प्रेमी के वहां से चले जाने के बाद नाबालिग के परिजन परेशान हो गए और उन्होंने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस नाबालिग तक पहुंची, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


