Jharkhand Weather News: झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य में नवंबर की शुरुआत बारिश, बादल और कोहरे के बीच हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 4 नवंबर से बारिश की संभावना कम हो गई है। लेकिन, आसमान में आंशिक रुप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, 5 नवंबर से आसमान पूर्ण रुप से साफ हो जाएगा। इसके साथ ही सुबह और रात के तापमान में गिरावट होने की उम्मीद है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

आने वाले दिनों में 3-4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
रांची में बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने उम्मीद जताई गई है। जहां न्यूनतम तापमान 6 नवंबर तक 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। फिलहाल राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में दिन का तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

Jharkhand Weather News: सुबह कुहासा, दिन में बादल छाए रहेंगे
मौसम केंद्र के अनुसार, आज 4 नवंबर की सुबह रांची में कुहासा या धुंध देखने को मिल सकती है। दिन में आसमान आंशिक रूप से बादलों से रहेंगे। 5 नवंबर से मौसम मुख्य रूप से साफ होने की संभावना है। 6 और 7 नवंबर को भी सुबह कुहासा रहने के बाद आसमान साफ हो जाएगा। वहीं विभाग ने 9 नवंबर को सुबह धुंध के बाद आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना जतायी है। ऐसे में सुबह स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को ठंड के साथ धुंध का सामना करना पड़ेगा।
गिरिडीह में हुई सबसे अधिक बारिश, लातेहार में रहा सबसे कम तापमान
Jharkhand Weather News: पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान गिरिडीह के बरकीसुरैया में सबसे अधिक 20.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान रांची में कहीं भी बारिश नहीं हुई। मौसम केंद्र के मुताबिक, 3 नवंबर को राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।


