Ranchi News: रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। स्टेशन का साउथ गेट दिसंबर 2026 के अंत तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बाद इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। शुरुआत में प्लेटफॉर्म नंबर-6 से ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा। फिलहाल प्लेटफॉर्म और शेड का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने गुरुवार को साउथ गेट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

प्लेटफॉर्म-6 को फुट ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा
डीआरएम के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-4 और 5 को प्लेटफॉर्म-6 से जोड़ने वाला फुट ओवरब्रिज भी दिसंबर के अंत तक तैयार हो जाएगा। बाद में इसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 से भी जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे पर जाने में आसानी होगी।
रोजाना बिक रहे 1600 टिकट
साउथ गेट पर लगे चार ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) से रोजाना करीब 1600 टिकट बिक रहे हैं। टिकट बिक्री में प्रतिदिन लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो रही है। यात्रियों के लिए एक टिकट काउंटर भी शुरू किया गया है।
नॉर्थ गेट पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
नॉर्थ गेट पर तीन टिकट काउंटर और एटीवीएम लगाए जाएंगे। यहां तक पहुंचने वाली सड़कों को भी चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा नॉर्थ और साउथ गेट को जोड़ने वाला रोड ओवरब्रिज मार्च तक तैयार करने का लक्ष्य है।
डीआरएम ने निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए एजेंसी को तेजी से काम पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अतिक्रमण हटाने और दो महीने में करीब 2 हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया तैयार करने को कहा है। इससे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में मदद मिलेगी।


