अंबरीष कुमार

यह डाक बंगले की रसोई है। शाम गहरा चुकी थी। डेक्कन हेराल्ड के पत्रकार अमिताभ तिवारी शाम के इंतजाम में जुटे थे। डाक बंगला के रसोइये को खास निर्देश दे थे थे। पास के ताल से रोहू लेकर आए थे और वह फ्राई करा रहे थे। यह तौरंगा का डाक बंगला था जो अटल बिहारी वाजपेयी को बहुत पसंद था। रसोइया महुआ की पहली धार वाला पेय स्टील की ग्लास में पास रखे था जो आदिवासी रसोइयों की पहली पसंद मानी जाती है। अमिताभ भी इसका स्वाद ले रहे थे। इससे पहले हम बार नवा पारा के डाक बंगला में थे।
छतीसगढ़ में सौ साल से भी ज्यादा पुराने बारनवा पारा वन्य जीव अभ्यारण्य के बीच है यह डाक बंगला चारो तरफ घने जंगल से घिरा है। यहां हर तरह के जंगली जानवर भी हैं। दो दशक में चार बार जाना हुआ है। छतीसगढ़ के डाक बंगला में अमूमन आदिवासी रसोइये होते हैं। पर उनका खाना बनाने का अनुभव गजब का होता है। मैंने कई बार करीब से देखा। एक बार राजनारायण मिश्र ऐसे ही ही रसोइये के पास ले गए थे। मसालों को ही नहीं लहसुन और प्याज को भी भूनकर सिलबट्टे पर पीसना देखा। बारनवा पारा में जो आदिवासी खाना बना रहे थे अपने साथी और तब डेक्कन हेराल्ड के ब्यूरो चीफ अमिताभ तिवारी ने उनसे महुआ की पहली धार वाली मंगवा दी।

मेरे मना करने के बाद भी उन्होंने कहा इसका सिर्फ स्वाद लें सिंगल माल्ट को मात करती है। खैर कुछ कुछ नारियल पानी जैसा ही था पर आदिवासी रसोइये ने जो खाना बनाया उसका स्वाद नहीं भूलता। पहली बार बस्तर गया तो जगदलपुर के सर्किट हाउस में इसी तरह कड़कनाथ पेश किया गया था। डाक बंगला में खाना परोसने का अंदाज भी अलग होता है आप चाहे शाकाहारी हों या मांसाहारी वे बनायेंगे सारे व्यंजन। दाल, दो सब्जी, रोटी चावल और मछली /मुर्गा आदि आप जो खाना चाहें। हालांकि मेन्यू दिन में ही पूछ लेते हैं क्योंकि जंगल में इंतजाम मुश्किल होता है। दूसरी फोटो बारनवा पारा जंगल में सुबह मिले जंगली भैंसे की। यह बहुत खतरनाक होता है। बाघ भी बच कर निकलते हैं।
लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।


