शबरिमला तीर्थयात्रा की शुरुआत से पहले टीडीबी ने घी की कमी को लेकर चिंता जताई

शबरिमला तीर्थयात्रा से पहले त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड ने घी की संभावित कमी पर चिंता जताई है। बोर्ड ने श्रद्धालुओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त भंडार जुटाने की तैयारी शुरू की।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम : त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष के. जयकुमार ने सोमवार को कहा कि शबरिमला में घी की संभावित कमी को लेकर चिंताएं हैं और अतिरिक्त भंडार जुटाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। शबरिमला अयप्पा मंदिर में तीर्थयात्रा की शुरुआत से पहले त्रावणकोर टीडीबी की बैठक के बाद जयकुमार ने पत्रकारों से कहा कि ‘अरवण’ और ‘अप्पम’ की उपलब्धता को लेकर कोई चिंता नहीं है। हाल में ‘श्री चित्रा अट्टा विशेषम’ के अवसर पर खोले गए भगवान अयप्पा मंदिर में व्यवस्थाओं में कुछ कमियों की बात स्वीकारते हुए जयकुमार ने कहा कि अप्पम बनाने में देरी हुई और कुछ स्थानों पर पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं देखी गईं।

‘अरवण’ (गुड़ और चावल से बना एक तरह का पायसम) और ‘अप्पम’ (चावल और गुड़ से बना एक मीठा पकवान) अयप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल के अनुबंध 31 अक्टूबर को खत्म हो गए थे और 15 नवंबर तक नए अनुबंध लागू नहीं हो पाए थे, इसी बदलाव के क्रम में ये समस्याएं सामने आईं। उन्होंने कहा, ‘‘सुबह लगभग दो घंटे तक ‘अप्पम’ उपलब्ध नहीं था। कुछ जगहों पर पानी नहीं मिलने की भी शिकायतें आईं। ये कमियां हमारे ध्यान में लाई गई हैं और बोर्ड ने बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कुछ इंतजाम किए हैं।’’ जयकुमार ने कहा कि बोर्ड को ‘अरवण’ और ‘अप्पम’ के उत्पादन को लेकर कोई चिंता नहीं है लेकिन घी की उपलब्धता को लेकर चिंता है क्योंकि मौजूदा भंडार धीरे-धीरे कम हो रहा है।

उन्होंने बताया कि बोर्ड की बैठक में 17 नवंबर से नयी आपूर्ति शुरू होने तक घी की अतिरिक्त व्यवस्था करने के उपायों पर चर्चा की गई। 17 नवंबर से शबरिमला तीर्थयात्रा की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा और वे घी का चढ़ावा भी चढ़ाएंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है क्योंकि बोर्ड पिछले साल घी की खरीद से जुड़े मामलों और विवादों के कारण पैदा हो सकने वाली समस्याओं समेत कुछ कानूनी पहलुओं की जांच करना चाहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसी तरह घी का इंतजाम करना ही होगा। लेकिन हम कानूनी सलाह लेने और इससे जुड़े मुद्दों की जांच करने के बाद ही आगे बढ़ेंगे।’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।