अमिताभ बच्चन ने ‘बुलेटप्रूफ’ शीशे के बिना प्रशंसकों से मुलाकात की

अमिताभ बच्चन ने दिवाली पर बिना बुलेटप्रूफ शीशे के प्रशंसकों का अभिवादन किया। इस दौरान अभिषेक बच्चन भी मौजूद रहे। बिग बी ने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन रविवार को अपने प्रशंसकों से साप्ताहिक मुलाकात के लिए बिना ‘बुलेटप्रूफ’ शीशे के घर से बाहर आए जबकि पिछली बार बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन करने के कारण वह चर्चा में रहे थे। अमिताभ पिछले कई वर्षों से हर रविवार अपने प्रशंसकों से मुलाकात करते आ रहे हैं। इस सप्ताह उनके साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

पिछली बार उनके और प्रशंसकों के बीच बुलेटप्रूफ शीशा लगा हुआ था। अक्टूबर में मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को ईमेल के जरिए अमिताभ के आवास और गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम स्थल पर बम विस्फोट करने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अभिनेता ने रविवार को दिवाली के अवसर पर अपने आवास के बाहर बिना बुलेटप्रूफ शीशे के प्रशंसकों का अभिवादन किया। रंग-बिरंगी जैकेट पहने अमिताभ ने उनकी झलक पाने के लिए मौजूद उत्सुक प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

अभिनेता (84) ने अपने निजी ब्लॉग पर प्रशंसकों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि प्रशंसकों से उन्हें इतने उपहार मिल रहे हैं कि उन्हें रखने के लिए जगह ढूंढ़ना मुश्किल हो गया है। अमिताभ ने प्रशंसकों के संदेशों का जवाब देने में देरी के लिए माफी भी मांगी और कहा कि उनके हाथ में कुछ तकलीफ हो रही है। उन्होंने लिखा, ‘‘आप सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं! चतुर्दशी के इस अवसर पर भी आप सभी की खुशहाली और समृद्धि की कामना करता हूं तथा अपना स्नेह और शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। ईश्वर की कृपा हमेशा हम सभी पर बनी रहे और हमें अपने स्नेहपूर्ण आलिंगन में सुरक्षित रखे।’’
अमिताभ ने लिखा, ‘‘…मैं इन संदेशों के जवाब खुद लिखना चाहता था। हालांकि, जिस हाथ से मैं लिखता हूं, उसमें कुछ तकलीफ हो रही है जिसके कारण जवाब देने में देरी हुई। इसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं।’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।