बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद आसनसोल से दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (सीएलडब्ल्यू) से भी दमकल की एक अन्य गाड़ी भेजी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
महिलाओं के प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र था कम्युनिटी हॉल
बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण था। यहां शादी-विवाह, सामाजिक समारोह और विभिन्न बैठकों का आयोजन किया जाता था। इसके साथ ही डीवीसी की पहल पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्यूटीशियन कोर्स सहित कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते थे।
आग की चपेट में आने से हॉल में रखे त्रिपाल और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। आग की अत्यधिक गर्मी के कारण भवन के बरामदे की पक्की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कालीपूजा के दौरान हुई इस घटना को लेकर पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस और दमकल विभाग ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


