रांची: आदिवासी समाज की नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले में उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। निशा भगत के पिता हांदु भगत की शिकायत पर पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस दोनों के खिलाफ शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

डीएसपी के नेतृत्व में SIT कर रही मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय को टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। SIT निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। टीम शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटनाक्रम में संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

फेसबुक लाइव पर आईं, फिर उठाया आत्महत्या का कदम
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान रोते हुए उन्होंने अपनी परेशानी साझा की थी। लाइव वीडियो में निशा ने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने आने के लिए कहा और फिर फोन काट दिया। फेसबुक लाइव के दौरान निशा ने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।


