बोकारो: जिले के बेरमो स्थित सीसीएल करगली क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने कार्रवाई की है। जवानों ने निगरानी और छापेमारी के दौरान एक कोयला लदा पिकअप वाहन जब्त किया। इसके अलावा अलग-अलग ठिकानों से भी भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया। पूरी कार्रवाई में कुल 13.845 टन कोयला जब्त किया गया है।
सीआईएसएफ को देखकर वाहन छोड़कर भागा चालक
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर जवान अमलो चेक पोस्ट से दीनदयाल चौक तक निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वैन आती दिखाई दी। जवानों को देखकर चालक वाहन संख्या JH 03K 6043 को मुख्य सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
जवानों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें करीब 6 टन अवैध कोयला लदा मिला। इसके बाद पिकअप वैन समेत कोयले को जब्त कर लिया गया।
तारमी कोल डंप और पीपल धोरा बस्ती में भी छापेमारी
कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ की टीम ने तारमी कोल डंप क्षेत्र में भी छापेमारी की। यहां अलग-अलग स्थानों पर जमा किया गया 1.455 टन कोयला बरामद किया गया।
इसके बाद अमलो के 5 नंबर पीपल धोरा बस्ती में छापेमारी कर 6.390 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।
कुल 13.845 टन कोयला जब्त
सीआईएसएफ की अलग-अलग कार्रवाइयों में पिकअप वाहन में लदे करीब 6 टन कोयले सहित कुल 13.845 टन कोयला जब्त किया गया है। वहीं, वाहन चालक की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।


