मऊ: केंद्रीय स्वापक ब्यूरो (सीबीएन) ने बुधवार को यहां मऊ जिले में सिंथेटिक मादक पदार्थ बनाने वाली एक अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया और 11.65 किलोग्राम मेफेड्रोन, इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन व प्रयोगशाला उपकरण जब्त किए गए। एक बयान के अनुसार, मध्यप्रदेश इकाई से मिली सूचना के आधार पर सीबीएन की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों की संयुक्त टीम ने आठ नवंबर को ‘ऑपरेशन वज्र 3.0’ के तहत ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में यह कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि टीम ने मेफेड्रोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख रसायन 2-ब्रोमो-4-मेथिलप्रोपियोफेनोन की 20.9 किलोग्राम मात्रा, 3.5 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड और करीब 119.86 किलोग्राम/लीटर विभिन्न रसायन जब्त किए। इसे अलावा विलायक व प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाले पदार्थ भी जब्त किए। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए रसायनों में डाइक्लोरोमीथेन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सोडियम क्लोराइड और कार्बनिक अमाइन शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सीबीएन ने प्रयोगशाला के पूरे ढांचे को नष्ट कर जब्त कर लिया, जिसमें औद्योगिक ग्राइंडर और मिक्सर, स्टील के टैंक, गर्म करने वाले उपकरण, कांच के रिएक्शन और आसवन उपकरण तथा सिंथेटिक मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण शामिल थे। उन्होंने कहा कि मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों तक फैले नेटवर्क, रसायनों के स्रोत का पता लगाया जा सके और पैसों के लेनदेन तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के मऊ में की गई इस कार्रवाई में जब्त सामग्री की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। सीबीएन ने बताया कि उसने इस साल मेफेड्रोन बनाने वाली छह अवैध प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया है। ब्यूरो के अनुसार इन मामलों में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


