रांची: राजधानी रांची की सड़कों को रोशन रखने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम ने विशेष पहल की है। शहर की प्रमुख सड़कों और इलाकों में लगी स्ट्रीट लाइट को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अलग-अलग पावर सबस्टेशनों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की व्यवस्था की गई है।
यह कार्रवाई झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के. श्रीनिवासन के निर्देश पर की गई है। रांची नगर निगम की ओर से स्थापित स्ट्रीट लाइट को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सबस्टेशनों में 200 केवीए क्षमता के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।
इन इलाकों में लगाए गए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
- राजभवन सबस्टेशन: यहां 200 केवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इससे चांदनी चौक, कांके रोड से रातू रोड चौक तक के इलाके को लाभ मिलेगा।
- हरमू सबस्टेशन: यहां 200 केवीए के दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इनमें हरमू से रातू रोड और हरमू सबस्टेशन से अरगोड़ा चौक तक के मार्ग शामिल हैं।
- डीपीएस सबस्टेशन: अरगोड़ा चौक से बिरसा चौक तक स्ट्रीट लाइट की बिजली व्यवस्था के लिए 200 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाया गया है।
- पुराना विधानसभा सबस्टेशन: बिरसा चौक से प्रोजेक्ट बिल्डिंग तक बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए 200 केवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया गया है।
- एयरपोर्ट सबस्टेशन: यहां भी स्ट्रीट लाइट की निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है।
निगम की इस पहल का उद्देश्य राजधानी की प्रमुख सड़कों पर स्ट्रीट लाइट की बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाना और रात के समय होने वाली परेशानी को कम करना है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर रोशनी बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
निगम की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्ट्रीट लाइट की बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि राजधानी की सड़कों पर अंधेरे की समस्या न हो।


