गुमला: झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बसिया प्रखंड क्षेत्र में पिछले करीब दस दिनों से सक्रिय हाथियों के झुंड ने एक और युवक की जान ले ली। सुकुरडा गांव में लगे मेले से घर लौट रहे 35 वर्षीय युवक को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला।

मृतक की पहचान सरईडी गांव निवासी भोले सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भोले सिंह रात करीब सात बजे मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनपाल शेखर सिंह और बसिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, इलाके में हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन और वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को रिहायशी इलाकों से दूर जंगल की ओर ले जाने के लिए अभियान चला रही है।
वहीं, आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है। ग्रामीणों को हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और रात के समय अनावश्यक रूप से जंगल या सुनसान रास्तों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।


