नयी दिल्ली: कांग्रेस ने महंगाई को लेकर शुक्रवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि अब आम आदमी का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है तथा यह ‘अमृत काल’ नहीं, महंगाई का भूचाल है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि खुदरा महंगाई दर दो साल के उच्चतम स्तर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है और 12 में से 11 उपभोग श्रेणियों में महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उनके मुताबिक, प्याज की कीमतों में 116 प्रतिशत, लहसुन में 60 प्रतिशत और अदरक में 48 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।

\कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आटा, तेल, घी, दूध, दाल और साबुन जैसी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनियां कीमतें बढ़ाने के साथ-साथ उत्पादों की मात्रा घटाने पर भी विचार कर रही हैं।
रमेश ने आशंका जताई कि ब्याज दरों में वृद्धि होने से आम लोगों के लिए कर्ज लेना और महंगा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘मोदी सरकार में महंगाई डायन नहीं, अब तो बिना बुलाए मेहमान बनकर हर घर का बजट निगल रही है।’’


