रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। चटकपुर में 7 नवंबर को हुई इस घटना की जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो युवक और एक नाबालिग शामिल है।
ट्यूशन से लौटते समय हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, युवती ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे सुनसान जगह पर रोक लिया और कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर डीएसपी-2 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के बाद पुलिस ने पंकज लोहारा, अंशु राणा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


