रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर राजधानी रांची में स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 15 नवंबर यानी रविवार की सुबह 7 बजे इस दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से होगी। दौड़ अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड का संदेश देना है।
उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, परिवारों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय से पहले बापू वाटिका पहुंचने की अपील की है।
उपायुक्त ने शहरवासियों से इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। अपने शहर और राज्य को साफ-सुथरा रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि झारखंड के प्रति जिम्मेदारी, प्रेम और स्वच्छता के सामूहिक संकल्प को दर्शाने का माध्यम है। स्थापना दिवस के अवसर पर इस आयोजन के जरिए लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की कोशिश की जाएगी।


